स्वच्छ हरिद्वार अभियान का दिखने लगा असर, डीएम खुद कर रहे निगरानी

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन जनपद बनाने के उद्देश्य से एक माह दस दिन से लगातार चलाया जा रहा सफाई अभियान अब धरातल पर असर दिखाने लगा है। नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ गांव, कस्बों और प्रमुख सड़क मार्गों पर निरंतर साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनपद को मॉडल जनपद के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत प्रशासन पूरी सक्रियता से अभियान को आगे बढ़ा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं इस व्यापक सफाई अभियान की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और साफ-सफाई का कार्य लगातार जारी रहे।

बीएचईएल प्रबंधन द्वारा भी अपने क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर प्रशासक एवं संपदा अधिकारी संजय पंवार ने बताया कि कोतवाली रानीपुर से टिहरी विस्थापित रोड, शास्त्री मार्ग स्थित बीएचईएल स्टेडियम के आसपास, बैरियर नंबर एक और टीबीड़ी कॉलोनी के निकट पीठ मार्केट क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है।

लोक निर्माण विभाग की ओर से भी अभियान को गति दी गई है। अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा ने बताया कि अलावलपुर पीतपुर से डेराकरल मोटर मार्ग पर झाड़ी कटान के साथ साफ-सफाई का कार्य कराया गया। वहीं, खंड विकास अधिकारियों के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान चलाया गया। खानपुर क्षेत्र के शाहपुर और हस्तौली में साफ-सफाई कराई गई, जबकि रुड़की क्षेत्र में सड़क किनारे पड़े गोबर और कूड़े को जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से हटाया गया।

प्रशासन का कहना है कि अभियान को आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन जनपद के रूप में स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *