हरिद्वार। जेल में बीमार होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए भाजपा नेता एवं खानपुर के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों के पैनल ने प्रणव सिंह की मेडिकल रिपोर्ट जेल प्रशासन को भेजने का निर्णय लिया है। जिला अस्पताल के पीएमएस डा.विजयेश भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल में उपचाराधीन पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन अब स्वस्थ हैं। चिकित्सकों के पैनल की ओर से इसकी रिपोर्ट रोशनाबाद जेल प्रशासन को भेजी जा रही है। इसके बाद जेल प्रशासन जो भी निर्णय लेगा। उसके अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी। जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने बताया कि जिला अस्पताल की ओर से अभी कोई पत्र नहीं मिला है। चिकित्सकों का पैनल जो भी निर्णय लेगा, वह जेल प्रशासन को मान्य होगा। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से जिला अस्पताल में पुलिस फोर्स के साथ जेल पुलिस भी तैनात की गई है। गौरतलब है कि खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग के मामले में रोशनाबाद जेल में बंद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह को खूनी दस्त आने की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रैफर करने का निर्णय लिया था। हायर सेंटर रैफर करने के लिए दिनभर चल गहमागहमी के बाद चैंपियन ने रैफर होने से इंकार कर दिया था।