व्यापारी से छह लाख की रकम से भरा बैग चोरी करने वाला गिरफ्तार

हरिद्वार। एक हफ्ते पूर्व हुई बरेली के कारोबारी से छह लाख की चोरी के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 1,75,000 की नगदी प्राप्त हुई है। अब आरोपी के खिलाफ कार्यवाई की जा रही है।

मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार विगत एक हफ्ते पूर्व बरेली के एक व्यापारी शिव कुमार कक्कड़ ने ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कर बताया था कि उसका सिगरेट का कारोबार है। वह अपने परिचित धनराज अरोड़ा, निश्चय वाधवा और अरविंद के साथ सिगरेट लेने बरेली से सहारनपुर जा रहा था। बरेली से उनके साथ एक व्यक्ति भी यहां आया था, जिसने अपना नाम राजेश बताया था। लेकिन हरिद्वार आते-आते देर हो गई। तब वह ज्वालापुर रामनगर में एक होटल में ठहरने के लिए पहुंचे। कमरा बुक करते समय उसने अपना छह लाख की रकम से भरा बैग राजेश को दे दिया था। कमरा बुक करने में व्यस्त होने के चलते राजेश बैग लेकर फरार हो गया। बाद में जब उन्हें पता चला तो उसकी आस पास तलाश की, मगर कुछ पता नहीं चल सका। ज्वालापुर थाने में शिव कुमार कक्कड़ की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया था।

पुलिस ने एसएसपी के निर्देशन में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सटीक सूचना पर बुधवार को आरोपी राजेश कुमार को पुराना रानीपुर मोड़ के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1,75,000 रुपये की नगदी बरामद की गई।

पुलिस पूछताछ में राजेश ने बताया कि वह नमकीन बिस्किट की फैक्ट्री में मार्केटिंग व सप्लाई का काम करता है। उसने व्यापारी शिव कुमार कक्कड़ की दुकान में काम करने वाले युवक से सम्पर्क कर सहारनपुर से किराने का सामान सस्ते रेट में दिलाने का झांसा दिया। इस दौरान होटल में रूम बुक करने के समय व्यापारी ने भरोसा कर पैसों से भरा बैग उसे को दे दिया था। होटल रूम में एसी खराब होने के कारण जब रूम कैंसिल होने पर सभी लोग होटल से बाहर आए, तब उसके मन में पैसों से भरा बैग देख लालच आ गया और वहां से फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि उसके ऊपर काफी कर्ज था, इसलिए उसने इन रुपयों से अपने कर्ज चुकाने की योजना बनाई थी।

आरोपी पर मुकदमें में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी चैकी रेल ऋषिकांत पटवाल, कांस्टेबल अमित गॉड, सुनील शर्मा व राजेश बिष्ट शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *