हरिद्वार। आज जिले के पुलिस मुखिया की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। पुलिस मुखिया ने विभिन्न थानों से आये कर्मचारियों की समस्याएं सुनी तथा उनके निस्तारण के लिए सम्बंधितों को निर्देश दिए । साथ ही कांवड़ मेला में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 61 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर मेन ऑफ द मंथ से सम्मानित किया। बैठक में एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं के साथ गंभीर अपराधों का भी सफल खुलासा किया गया, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। जिन अपराधों का खुलासा नहीं हुआ है, उस पर समस्त थाने की टीम काम करेगी।
अपराध गोष्ठी में पुलिस कप्तान ने अपराधों पर अंकुश लगाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश दिए। जिले में मादक पदार्थ, शराब तस्करी और नशा तस्करों पर कड़ी नजर रखने को कहा। फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
साथ ही थाना प्रभारियों को कांवड़ मेले से जुड़ी कमी और सुझाव दर्ज कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। न्यायालय से प्राप्त सम्मन/वारंट की तामील में कमी के चलते, थाना प्रभारियों को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर फ्रॉड मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को प्रार्थना पत्र पर तुरंत कार्रवाई करने और साइबर सैल टीम को रिपोर्ट भेजने का निर्देश है। नए कानून के अनुसार अभिलेख अपडेट करने और विधिक राय लेकर कार्रवाई की सलाह दी गई है।
धोखाधड़ी मामलों की जांच क्षेत्राधिकारी को स्वयं करनी होगी, और गंभीर शिकायतों पर मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। हत्या के प्रयास मामलों में सत्यता पाई जाने पर तुरंत विधिक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारियों को थाने में दर्ज मुकदमों की प्रगति पर नजर रखने और अधिकारियों के साथ नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गौकशी और गौ-तस्करी के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, गौ संरक्षण टीम को विशेष कार्य करने और परिणाम देने का आदेश दिया गया है।