हरिद्वार। शहर का प्रशासन कल से कार्यभार संभालेगा। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ऋषिकुल मैदान में सुबह 11 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित मेयर किरण जैसल और पार्षदों को शपथ दिलाएंगे।
इधर, शिवालिक नगर पालिका के अध्यक्ष राजीव शर्मा का शपथ ग्रहण नवोदय नगर में होगा, जहां उप जिला मजिस्ट्रेट उन्हें शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण से पूर्व विधायक मदन कौशिक और आदेश चौहान ने मेयर और पार्षदों के साथ बैठक कर आगामी योजनाओं पर चर्चा की।
नवनिर्वाचित मेयर किरण जैसल ने शपथ ग्रहण से पूर्व शहरवासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह एक व्यापारी परिवार से संबंध रखती हैं, इसलिए प्रस्तावित कॉरिडोर हो या कोई अन्य योजना, वे सदैव व्यापारियों के समर्थन में रहेंगी। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि व्यापारियों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।