बीएचईएल में हुई चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस टीम एवं सीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से चार बदमाशों को गिरफ्तार करते हुये बीएचईएल में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो व चोरी का माल बरामद किया गया है। जिन्हें अब जेल भेजा जा रहा है।

आज दोपहर पुलिस मुख्यालय रोशनाबाद में चोरी का खुलासा करते हुये एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि विगत 22 अगस्त को बीएचईएल के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक उमेश प्रसाद ने शिकायती पत्र देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएचईएल परिसर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने चोरी के मामले में शिकायत पत्र के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305 (ड) बी०एन०एस० में मुकदमा दर्ज किया था।

आरोपियों की खोजबीन में जुटी पुुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत चैकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान रेगुलेटर पुल व डबल पुलिया के बीच पुलिस चैकिंग कर रही थी। तभी सलेमपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया। चालक ने गाड़ी मोड़कर भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया। गाड़ी रूकने पर पुलिस ने गाड़ी की तलाशी लेते हुये डिग्गी में रखे बोरों के बारे में पूछा तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। पुलिस ने बोरों को खोलकर देखा, उसमें चमकीली धातु की सिल्लियाँ व धातुओं का गला हुआ कबाड बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुशील पुत्र इसम सिंह निवासी शामली, मोहन पुत्र ब्रहमनाथ कश्यप निवासी सहारनपुर, सुन्दर पुत्र बाबूराम सिंह जाटव निवासी अमरोहा व शाहनवाज उर्फ शानू कबाडी पुत्र मोबिन निवासी ज्वालापुर के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि पिछले महीने सुशील, मोहन व सुंदर ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बी०एच०ई०एल० स्टोर में चोरी की थी, जिसमें से आधी सिल्लियाँ इन्होंने शानू को दी। बिकी हुई रकम से ही स्कॉर्पियों गाड़ी खरीदी गई है। बचे हुये माल को आरोपित आज शानू के साथ मिलकर मुज्जफ्फरनगर के कबाडी को बेचने जा रहे थे। बरामद किए गये माल का वजन 768 कि.ग्रा. है, जो चोरी किए गए सामान का आधा है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

पकड़े गए आरोपियों में सुशील आठवीं पास, सुन्दर बीए पास व मोहन व शाहनवाज अनपढ़ है। उन्हें पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर विजय सिंह, निरीक्षक ऐश्वर्यपाल (प्रभारी सीआईयू), वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चैहान, उप निरीक्षक अमित नौटियाल, कांस्टेबल अमित राणा, प्रेम दानू, संजय रावत, दीप गौड, विवेक गुसांई, राजेन्द्र रोतेला व हेड कांस्टेबल वसीम व उमेश (सीआईयू) शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *