हरिद्वार। गंगा में गिरते दूषित पानी को लेकर श्रद्धालुओं की आस्था पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने अखिल परशुराम अखाड़ा अध्यक्ष अधीर कौशिक के साथ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा।
सुनील सेठी ने कहा कि सप्तऋषि क्षेत्र, लोकनाथ घाट सहित कई स्थानों पर गंदा नाला सीधे गंगा में गिर रहा है, जिससे गंगा जल प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल पर्यावरण का नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का भी प्रश्न है। विभागीय लापरवाही के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
अधीर कौशिक ने कहा कि गंगा में गिरते दूषित पानी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सभी गंदे नालों को तत्काल बंद कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही की जाए।
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि इस मुद्दे पर प्रशासन गंभीर है और ड्रोन सर्वे के माध्यम से गंगा में गिरते नालों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में प्रीत कमल, सुनील मनोचा, मुकेश कुमार, सोनू चौधरी और हरिमोहन भारद्वाज शामिल रहे।