हरिद्वार। जनपद में चलाए जा रहे जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत रुड़की और नारसन विकासखंड की न्याय पंचायतों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। कार्यक्रम में कुल 4459 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 647 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया और 554 लोगों को अलग-अलग विभागों के माध्यम से प्रमाण पत्र जारी किए गए।
रुड़की विकासखंड के न्याय पंचायत नन्हेड़ा अनंतपुर में आयोजित शिविर में 2245 लोगों ने भाग लिया। यहां 102 लोगों को योजनाओं का लाभ मिला और 338 प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर में दर्ज 25 शिकायतों में से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं नारसन विकासखंड की न्याय पंचायत गाधारोना में आयोजित शिविर में 2214 लोगों ने प्रतिभाग किया, 545 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया और 216 प्रमाण पत्र जारी किए गए। यहां प्राप्त 112 शिकायतों में से 65 का तत्काल निस्तारण किया गया।
अधिकारियों ने शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।