तीन साल की उपलब्धियां: सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, युवाओं को मिलेगा आर्थिक सहारा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर युवाओं, उपनल कर्मियों और संविदा कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और स्नातक युवाओं को सरकार आर्थिक सहायता देगी, साथ ही उनके कौशल विकास के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन होगा। उपनल और संविदा कर्मियों की नियमित नियुक्ति के लिए जल्द ही ठोस नीति बनाई जाएगी। इसके अलावा, दस करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेके अब प्रदेश के स्थानीय ठेकेदारों को ही दिए जाएंगे।

देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सीएम धामी ने अपने संबोधन की शुरुआत शहीद दिवस पर उत्तराखंड के बलिदानियों और भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने बीते तीन वर्षों में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है। उन्होंने क्षेत्रवाद और जातिवाद पर चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग इस तरह की बातें करते हैं, वे उत्तराखंड आंदोलनकारियों और अपनी मातृभूमि के साथ अन्याय कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों का सिलसिलेवार जिक्र करते हुए बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ-साथ अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। 30 से अधिक नई नीतियों के जरिए प्रदेश के विकास का विस्तृत रोडमैप तैयार हुआ है। सरकार द्वारा तीन गैस सिलेंडर देने, महिलाओं को 30% क्षैतिज आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों को 10% क्षैतिज आरक्षण, वृद्धावस्था पेंशन, सरकारी नौकरियों में खेल कोटे की बहाली, छात्रवृत्ति योजनाओं और 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचों की निःशुल्क सुविधा जैसी योजनाओं का विशेष रूप से जिक्र किया।

सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड ने सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में पहला स्थान हासिल किया है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा स्टार्टअप रैंकिंग में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। प्रदेश की बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4% की कमी आई है और राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 13.59% बढ़ा है। प्रति व्यक्ति आय में भी 11.33% की वृद्धि दर्ज हुई है। उन्होंने जी-20 बैठकों, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, दंगा और धर्मांतरण विरोधी कानूनों की चर्चा करते हुए कहा कि इन फैसलों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। भू-कानून को देवभूमि को भू-माफियाओं से बचाने के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने दृष्टिपत्र के 70% से अधिक वादे पूरे कर लिए हैं और बाकी को जल्द पूरा किया जाएगा।

इस मौके पर सीएम धामी ने ‘सेवा, सुशासन और विकास के 3 वर्ष’ पुस्तिका का विमोचन किया और ‘देवभूमि रजत उत्सव- संकल्प से सिद्धि’ कैलेंडर व कंटेंट क्रिएटर प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़े 13 बच्चों को सम्मानित किया गया, लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के तहत 10 करोड़ रुपये वितरित किए गए और अटल आवास योजना के लाभार्थियों को चेक व चाबियां सौंपी गईं।

सरकार के तीन साल पूरे होने पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी जिलों और ब्लॉक स्तर पर मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ। स्वास्थ्य शिविरों के जरिए लोगों को लाभान्वित किया गया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सांसद, विधायक, मेयर, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जनता शामिल रही। समारोह में उत्तराखंड की संस्कृति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कनक चौक से परेड ग्राउंड तक रोड शो में भाग लिया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *