नगर निगम के ट्रेड टैक्स के विरोध में व्यापारियों का हल्ला बोल आज

देहरादून। नगर निगम देहरादून द्वारा व्यापारियों पर थोपे जा रहे ट्रेड टैक्स को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त रोष देखने को मिल रहा है। इसी के विरोध में दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारी वर्ग आज शनिवार, 24 मई को नगर निगम परिसर में प्रदर्शन करेगा।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन ने बताया कि नगर निगम द्वारा कुछ चुनिंदा व्यवसायों पर जो टैक्स लगाया गया है, वह पूरी तरह से अनुचित और तानाशाहीपूर्ण निर्णय है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार का टैक्स पूर्व में भी लागू किया गया था, जिसे व्यापारियों के विरोध के बाद तत्कालीन मेयर श्री सुनील उनियाल गामा द्वारा निरस्त कर दिया गया था।

व्यापार मंडल का कहना है कि वर्तमान मेयर श्री सौरभ थपलियाल से उनकी यही मांग है कि इस लाइसेंस शुल्क को तुरंत निरस्त किया जाए। व्यापारी वर्ग, जिन्होंने नगर निगम चुनाव में बड़ी भागीदारी निभाई, अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

पंकज मैसोंन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने व्यापारियों की बात नहीं सुनी तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज यह टैक्स कुछ ही व्यवसायों पर लागू हुआ है, लेकिन आने वाले समय में अन्य व्यापारियों पर भी यह बोझ डाला जा सकता है। इसलिए इसका विरोध करना अनिवार्य है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *