हरिद्वार । सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा माह के समापन अवसर पर सोमवार को यातायात पुलिस ने शंकराचार्य चैक पर जनजागरूकता अभियान चलाया। एसएसपी नवनीत सिंह के मार्गदर्शन और एसपी ट्रैफिक निशा यादव के नेतृत्व में तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात वीपेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चला रहे चालकों को हेलमेट भी दिए गए। साथ ही सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की सलाह दी गई। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली चोटें गंभीर एवं प्राणघातक सिद्ध हो सकती हैं, जिनसे बचाव हेतु गुणवत्तायुक्त हेलमेट का प्रयोग करें। यातायात पुलिस ने संदेश दिया कि स्वयं भी हेलमेट पहनें और अपने परिवारजनों और परिचितों को भी हेलमेट पहनने लिए प्रेरित करें। बताया कि दुपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य है। निर्धारित गति सीमा का पालन करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। यातायात संकेतों व नियमों का पालन करें ओर शराब पीकर वाहन ना चलाएं। अभियान में यातायात पुलिस निरीक्षक हितेश कुमार, संदीप सिंह नेगी, हरिद्वार यातायात पुलिस टीम तथा द नेशनल हेल्पिंग हैंड के सदस्य शामिल रहे।