ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक विजय को समर्पित तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा, मुख्यमंत्री धामी ने किया नेतृत्व

देहरादून

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बुधवार को शौर्य स्थल चीड़बाग से गांधी पार्क तक भव्य “तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा” का आयोजन हुआ। यह यात्रा हाल ही में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा सफलतापूर्वक चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक विजय को समर्पित रही। हजारों की संख्या में आमजन, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग और मातृशक्ति ने तिरंगा थामे इस पदयात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों, वायु सेना, नौसेना और अन्य सुरक्षा बलों को नमन किया। उन्होंने कहा, “भारत ने एक बार फिर साबित किया है कि वह आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई में पूरी तरह सक्षम है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने अपनी सैन्य शक्ति, रणनीतिक दक्षता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया। “नया भारत अब आतंकवाद को उसी की भाषा में जवाब दे रहा है,” उन्होंने कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक के माध्यम से अपनी सीमाओं की रक्षा कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड को “वीर भूमि” बताते हुए कहा कि यहां का हर परिवार देशसेवा से किसी न किसी रूप में जुड़ा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से सेना और सुरक्षा बलों की शौर्यगाथा से प्रेरणा लेने और राष्ट्रसेवा में अग्रसर होने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि ‘तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा’ को हर वर्ष आयोजित किया जाए ताकि देशभक्ति और शौर्य की भावना को प्रोत्साहन मिले।

कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायक श्री खजान दास, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्री बृज भूषण गैरोला, श्री भरत चौधरी, देहरादून मेयर श्री सौरभ थपलियाल, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री तरुण विजय, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री आदित्य कोठारी, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, रजनी रावत, डॉ. देवेंद्र भसीन और श्री श्याम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *