हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के चर्चित कटारपुर फायरिंग कांड में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक देशी तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को ग्राम कटारपुर निवासी अनुज ने अपने साथियों के साथ मामूली कहासुनी के बाद गाँव के ही अर्जुन पुत्र सुरेंद्र पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस घटना में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था। पुलिस ने इस मामले में सात नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपी अनुज को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम गठित की थी। रविवार को टीम ने मुखबिर की सूचना पर किशनपुर तिराहे के पास कब्रिस्तान के समीप दबिश देकर अभियुक्त अमरीश पुत्र कीरत (27 वर्ष) एवं शुभम पुत्र पपिन्दर (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अमरीश के कब्जे से एक देशी तमंचा 12 बोर मय जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक यशवीर सिंह, उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल (प्रभारी चौकी फेरुपुर), कांस्टेबल नरेश बहुगुणा, जयपाल चौहान, सुरेश रावत एवं वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।