देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत @2047 और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में ऐतिहासिक व दूरदर्शी बताया। भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बजट से पर्यटन, विनिर्माण, आयुष, ग्रीन एनर्जी, कौशल विकास, रोजगार और शहरी अवसंरचना को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि पूंजीगत व्यय में बढ़ोतरी से दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव पड़ी है। टियर-2 व टियर-3 शहरों के विकास से देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी को लाभ मिलेगा, वहीं प्रत्येक जनपद में महिला छात्रावास से महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, आयुष, फार्मा, खादी, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रीन एनर्जी पर फोकस से राज्य की ग्रीन इकोनॉमी मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने बजट को राज्य के समावेशी, संतुलित और सतत विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।