हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चार साल के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा नेताओं ने उन्हें विकास पुरुष की संज्ञा दी है। मुख्यमंत्री के हरिद्वार आगमन पर महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील सेठी ने हेलीपैड पहुंचकर उनका स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सुनील सेठी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में मुख्यमंत्री धामी ने जो निर्णय लिए, वे उत्तराखंड की स्थायी पहचान बन चुके हैं। समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जो किसी भी राज्य के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने बिना किसी दबाव व भेदभाव के ऐतिहासिक फैसले लेकर राज्य को एक नई दिशा दी है।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता विशाल गर्ग, संजय त्रिवाल सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि धामी सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल उत्तराखंड के विकास की नई इबारत लिखने वाला रहा है, जो भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा।
नेताओं ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सीटों से विजयी होगी, क्योंकि सरकार के कार्यों से जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।