खेल पर्यटन का तीर्थ बना उत्तराखंड : रेखा आर्या

हरिद्वार। खेल मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को 42वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप और 28वीं नेशनल पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन किया। रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में उन्होंने पदक विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 18 राज्यों के 700 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड अब धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ खेल पर्यटन का भी केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में चार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य तेजी से खेल भूमि के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, प्रतिबद्धता और समर्पण जैसे जीवन मूल्य मिलते हैं। साथ ही खिलाड़ियों को 2036 ओलंपिक की तैयारी अभी से शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे उत्तराखंड से हर घर से एक सैनिक निकलता है, वैसे ही अब हर घर से एक खिलाड़ी भी निकलना चाहिए।

इस मौके पर ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारी, जिला खेल अधिकारी और एसोसिएशन पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *