बहादराबाद में फूलों की होली से महका वात्सल्य वाटिका परिसर

बहादराबाद। होली के पावन पर्व पर बहादराबाद स्थित वात्सल्य वाटिका परिसर उस समय रंग, खुशबू और भावनाओं से सराबोर हो उठा, जब यहां फूलों की होली खेलकर प्रेम और अपनत्व की अनूठी मिसाल पेश की गई। छनमन कैप चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक आभा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साध्वी महामंडलेश्वर 1008 शक्ति पुरी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। दीप की पावन ज्योति के साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज से अतिथियों का भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अनीता वर्मा द्वारा प्रस्तुत होली गीतों और भजन संध्या से हुई। उनके मधुर स्वरों ने पूरे परिसर को भक्ति और उल्लास के रंगों में रंग दिया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं। रंगों की जगह फूलों की सुगंध और स्नेह की बौछार ने समारोह को और भी विशेष बना दिया।

विशेष आकर्षण रहा वात्सल्य वाटिका के बच्चों के साथ खेली गई फूलों की होली। बच्चों की खिलखिलाहट, चेहरे पर झलकती मासूम मुस्कान और फूलों की महक ने माहौल को भावुक और आनंदमय बना दिया। सभी ने बच्चों को स्नेह और अपनत्व का अहसास कराते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर निरू कौशिक (प्रदेश उपाध्यक्ष), यूथ प्रदेश प्रभारी आरती मेहता, मीडिया प्रभारी दीपा, सहोता सैनी, सविता सैनी, ज्योति गुप्ता, साधना राघव, नीलम, सुदेश, प्रदेशाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, रविंद्र, शौरभ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं वात्सल्य वाटिका से शिवम और संजय धीमान सहित समस्त सहयोगियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

समारोह के अंत में सभी ने समाज में प्रेम, सद्भाव और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन ने यह सशक्त संदेश दिया कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने, रिश्तों को संवारने और मानवता को महकाने का पर्व है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *