विवेक हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दोस्त निकले कातिल

हरिद्वार। भगवानपुर कोतवाली पुलिस ने विवेक हत्याकांड का खुलासा किया है। विवेक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके दोस्तों ने चोरी की घटना में साथ न देने के कारण की थी। दो दिन पूर्व विवेक का शव जंगल में मिला था।

भगवानपुर थानाध्यक्ष सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि बुधवार को ग्राम डाडली भगवानपुर निवासी सुखवीर सिह ने अपने बेटे विवेक के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि वह अपने गांव के ही दोस्तों प्रशांत, अक्षय व अजय के साथ कहीं गया था और रात से वापस नहीं आया। गांव के लड़कों के घर पर पूछने पर पता चला कि वह तीनों भी घर पर नहीं हैं।

पुलिस ने विवेक की खोजबीन शुरु की, तब उसका शव सिरचन्दी ईदगाह से आगे जंगल में खाले पर मिला। जिसकी गर्दन पर गोली लगी हुई थी। पुलिस ने विवेक के पिता की शिकायत पर प्रशान्त कुमार, अजय व अक्षय पर धारा 302/201 आईपीसी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों की खोजबीन करते हुये पुलिस ने नामजद तीनों को थाना क्षेत्रांतर्गत डाडली चैक से धर दबोचा।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि तीनों आपस में दोस्त हैं। वह कम पढ़े लिखे हैं, प्रशांत (उम्र 19) दसवीं, अक्षय (उम्र 20) दसवीं व अजय उर्फ काका (उम्र 19) पाँचवीं पास है। वह कंपनी में काम करते हैं। अपने महंगे शौक पूरे करने के लिये चोरी करते है। इण्डस्ट्रीय एरिया में बन्द पड़ी फैक्ट्रियो से सामान चोरी करके सामान को बेचकर रुपये आपस मे बांट लेते थे।

मंगलवार की रात्रि में भी चारों ने चोरी का प्लान बनाया था, जब चारों माहडी चैक पहुँचे, तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने रात के घने अंधेरे में संदिग्ध हालत में घूम रहे चारों व्यक्तियों को रोका और कहां से आ रहे हो, किधर जा रहे हो, पूछताछ कर एक फोटो भी खींच ली। पुलिसकर्मी के ऐसा करने पर विवेक के मन में डर बैठ गया। थोड़ी देर बाद चारों बडेडी बुजुर्ग वाले सुनसान रास्ते में जाकर चोरी का प्लान बनाकर फैक्ट्री की ओर जाने लगे। जिस पर विवेक आनाकानी करने लगा और कहा कि मैं तुम लोगों के साथ चोरी नहीं करूंगा, तब तीनों विवेक को धमकाने लगे, तब विवेक ने इनकी पुरानी सारी बातें पुलिस को बताने की धमकी दी।

पुलिस के पकड़े जाने के डर से अक्षय व अजय ने विवेक के हाथ पकड़े और प्रशान्त ने अपने पास रखे तमंचे से विवेक के गर्दन पर गोली मारकर हत्या कर दी। विवेक के शव को मोटरसाईकिल पर रखकर सिरचन्दी ईदगाह से आगे जंगल मंे खाले मंे फेक दिया।

आरोपियों की निशानदेही पर सिकन्दरपुर गांव से बढेडी बुजुर्ग जाने वाले सीसी मार्ग के पास खेत से घटना में उपयुक्त तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस व घटना के दौरान पहने कपडे व मोटर साइकिल बरामद की गई है। मुकदमें में धारा 3/25 की बढोतरी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *