वेव्स 2025: वैश्विक मीडिया और मनोरंजन शिखर सम्मेलन

नई दिल्ली । 1 मई 2025 से मुंबई में आयोजित होने वाले विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) 2025 से पहले वैश्विक समुदाय तक पहुंचेगी भारत सरकार, जिसमें वैश्विक मीडिया संवाद में व्यापक भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है। नई दिल्ली में 13 मार्च 2025 को केंद्रीय मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेलवे और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस 100 से अधिक राजदूतों और उच्चायुक्तों को मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र के उभरते अवसरों और वेव्स के लाभों के बारे में जानकारी देंगे। यह कार्यक्रम भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाएगा और इसका उद्देश्य वैश्विक मीडिया संवाद में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है।

2 मई 2025 को मुंबई में होने वाले वैश्विक मीडिया संवाद का मकसद वैश्विक नेताओं, नीति निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों, मीडिया पेशेवरों और कलाकारों को एक मंच पर लाना है, ताकि ऑडियो-विजुअल और मनोरंजन क्षेत्र के भविष्य को लेकर चर्चा की जा सके। इसमें अंतरराष्ट्रीय सहयोग, तकनीकी नवाचार और नैतिक प्रथाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के निष्पक्ष और पारदर्शी विकास को बढ़ावा देना है, ताकि सभी देशों को समान अवसर मिल सकें

वेव्स 2025 एक प्रमुख वैश्विक कार्यक्रम है, जो मीडिया और मनोरंजन (M&E) उद्योग को एक मंच पर लाने का काम करेगा। यह आयोजन 1 मई से 4 मई 2025 तक मुंबई में किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारत के मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ना और वैश्विक उद्योग को भारतीय बाजार से परिचित कराना है। इस कार्यक्रम में प्रसारण, प्रिंट मीडिया, टेलीविजन, रेडियो, फिल्म, एनिमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, जनरेटिव एआई, एआर-वीआर जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर फोकस रहेगा।

वेव्स 2025 के तहत कई बड़े इनिशिएटिव भी लॉन्च किए जाएंगे, जिसमें वेव्स मार्केटप्लेस, वेव एक्सेलरेटर (WaveXcelerator), क्रिएटो स्फेयर (CreatoSphere) जैसे इनोवेटिव प्लेटफॉर्म शामिल होंगे। इसके अलावा, ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज’ के विजेताओं को वेव्स CIC अवॉर्ड्स में सम्मानित किया जाएगा। वेव्स 2025 को वैश्विक मीडिया और मनोरंजन उद्योग के लिए एक परिवर्तनकारी आयोजन बनाने की पूरी तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *