हरिद्वार। कांवड़ यात्रा मार्ग पर खाद्य लाइसेंस अनिवार्य किए जाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के फैसले का महानगर व्यापार मंडल ने स्वागत किया है। मंडल अध्यक्ष सुनील सेठी ने इसे शिवभक्तों की आस्था की रक्षा के लिए अहम कदम बताया।
सेठी ने कहा कि आस्था के इस पर्व में यात्रियों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना जरूरी है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे साफ-सुथरी खाद्य सामग्री उचित मूल्य पर उपलब्ध कराएं।
सेठी ने खाद्य आपूर्ति विभाग से आग्रह किया कि छोटे व्यापारियों को न्यूनतम शुल्क पर फूड लाइसेंस शीघ्र दिए जाएं। साथ ही, बाहरी राज्यों से आने वाले मिलावटी पनीर और मावा की आपूर्ति पर भी सख्ती हो।
इस दौरान प्रीत कमल, स्मिथ ऐरन, पंकज सिंह, महेश कुमार, एस.एन. तिवारी, रवि बांगा, राकेश सिंह, अनिल कोरी, सोनू चैधरी, एस.के. सैनी और राजू जोशी उपस्थित रहे।