हरिद्वार। पिरान कलियर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर मुस्तफाबाद निवासी कन्नीजा अपने पोते के साथ रिश्तेदारी में जा रही थीं। जैसे ही वे धनौरी-जस्सावाला मार्ग पर पहुंचे, एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक तेज गति के कारण नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसा। टक्कर के बाद ट्रक ट्रॉली को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया, जिसकी चपेट में बाइक सवार दादी-पोता आ गए।
हादसे में कन्नीजा की मौके पर ही वाहन के नीचे कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन घायल युवक और महिला के शव को ले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।