ऋषिकेश। सोशल मीडिया पर एक विदेशी महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लक्ष्मण झूला के पास बिकिनी पहनकर गंगा नदी में डुबकी लगाती नजर आ रही है। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग महिला की निंदा कर रहे हैं, तो कुछ उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का समर्थन कर रहे हैं।
वीडियो में दिखाया गया है कि महिला गले में फूलों की माला और माथे पर तिलक लगाए हुए हाथ जोड़कर गंगा में स्नान करती है। वह मालाओं को गंगा में बहा देती है और फिर तैरने लगती है। कई लोगों ने कहा कि महिला के इरादे गलत नहीं थे, वह श्रद्धा से प्रार्थना कर रही थी।
हालांकि, कुछ यूजर्स ने इसे गंगा की पवित्रता का अपमान बताया और आलोचना की। एक व्यक्ति ने लिखा, “मां गंगा कोई समुद्र तट या स्विमिंग पूल नहीं है, यहां सभ्य कपड़े पहनकर ही स्नान करना चाहिए।” वहीं, अन्य यूजर्स ने पलटकर कहा कि “आदमी लोग कच्छा पहनकर नहाते हैं, तब किसी को बुरा नहीं लगता, तो महिला को क्यों?”