हरिद्वार। झबरेड़ा क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बेसबॉल का डंडा और वारदात के दौरान पहनी गई कमीज बरामद कर ली गई है। यह सनसनीखेज वारदात पिता और दो पुत्रों द्वारा अंजाम दी गई थी, जिनमें से एक आरोपी पुत्र गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पिता और दूसरा पुत्र अब भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को संजय पुत्र अतर सिंह निवासी झबरेड़ी कला ने थाना झबरेड़ा में तहरीर दी थी कि उसका भतीजा विकास पुत्र मांगेराम, राजकुमार उर्फ राजू और उसके पुत्र मोहित व रोहित उर्फ गोपी से दुकान के सामान और पुराने उधार के पैसे मांगने गया था। इस दौरान तीनों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद किया और विकास के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। घायल अवस्था में विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक नवंबर को एम्स में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। बीती शाम पुलिस टीम ने आरोपी रोहित उर्फ गोपी को उसके मामा के गांव नियामतपुर, थाना खानपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि पिता राजकुमार उर्फ राजू और भाई मोहित के साथ उसने विकास और आकाश से पैसों को लेकर रंजिश पाल रखी थी। जब दोनों बार-बार समाज के लोगों के सामने पैसे मांगने लगे, तो तीनों ने इसे अपनी बेइज्जती समझकर उन्हें सबक सिखाने की योजना बना डाली। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है।