हरिद्वार। आपस में हुई मारपीट के मामले में बयान दर्ज कराने पहुंचे युवक कोतवाली में ही आपस में भिड़ गए। समझाने पर भी नहीं मानने पर पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीन फरवरी को कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में युवकों के दो गुटों में आपस में झगड़ा हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग मुकद्मे दर्ज किए थे। मुकद्मो की विवेचना कर रहे अपर उपनिरीक्षक गंभीर तोमर ने बृहष्पतिवार को दोनों पक्षों को बयान दर्ज कराने के लिए कोतवाली बुलाया था। इस दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए कोतवाली में ही आपस में भिड़ गए। विवेचक एएसआई गंभीर तोमर व मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और समझाने पर भी नहीं मानने पर दोनों पक्षों के पांच लोगों सुब्हान पुत्र साकिर निवासी ईदगाह रोड पांवधोई, शकीर पुत्र सलीम निवासी कस्साबान, अमन पुत्र महबूब निवासी मैदानियान, आहिल खान उर्फ ताज मोहम्मद पुत्र असलम खान निवासी कटहरा बाजार व साहिब मलिक पुत्र रिजवान निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।