काशीपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद असामाजिक तत्वों द्वारा मंच का शुद्धिकरण किए जाने के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने काशीपुर कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
अलका पाल ने आरोप लगाया कि भाजपा खुलेआम असामाजिक तत्वों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के बाद इस तरह की घटना देश में सामाजिक असमानता और वैमनस्य बढ़ाने की साजिश है। भाजपा और उसके अनुसांगिक संगठन विद्वेष की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि संविधान का उल्लंघन करने वालों को संरक्षण क्यों दिया जा रहा है, जबकि संविधान की रक्षा का संकल्प लेने वाले राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत भाजपा पर फिट बैठती है।