हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कांवड़ मेले में अत्याधुनिक स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन का ट्रायल शुरू किया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर जेडीई वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से तैयार किए गए इस स्मार्ट डस्टबिन में सेंसर आधारित ऑटोमैटिक सिस्टम लगाया गया है। इसके सामने आते ही ढक्कन अपने आप खुल जाता है और कचरा डालने के बाद स्वतः बंद हो जाता है।
इस डस्टबिन की खासियत इसका ऑटोमैटिक कचरा कॉम्पैक्शन सिस्टम है। कचरा डालते ही यह उसे दबाकर कम जगह में अधिक मात्रा में संग्रहित कर लेता है। इससे डस्टबिन जल्दी भरने की समस्या कम होगी और बार-बार खाली करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित यह डस्टबिन बाहरी बिजली पर निर्भर नहीं है। इसकी मजबूत बनावट के कारण आवारा पशु इसे गिरा नहीं सकते और न ही कचरा फैला सकते हैं। इससे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
नगर निगम के अनुसार कांवड़ पटरी पर हजारों श्रद्धालु इस स्मार्ट बिन का उपयोग कर रहे हैं। ट्रायल के शुरुआती नतीजे उत्साहजनक रहे हैं। सफल परीक्षण के बाद इसे शहर के प्रमुख बाजारों, घाटों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लगाया जाएगा।
ट्रायल के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी समेत नगर निगम के अधिकारियों ने स्मार्ट बिन की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। नगर निगम का मानना है कि यह पहल स्वच्छता प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ स्वच्छ और तकनीक-सक्षम हरिद्वार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।