हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने शंकराचार्य चौक से मालवीय चौक, माया देवी मंदिर से गुजरांवाला चौक, शिवमूर्ति चौक, भगत सिंह चौक, बिल्केश्वर और मनसा देवी मार्ग तक सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं जन-सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
मेलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, क्षतिग्रस्त व बेतरतीब खड़े पोल हटाने, अतिक्रमण रोकने और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की बहुस्तरीय निगरानी, पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता और रात्रिकालीन शिफ्ट में हो रहे कार्यों की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल और पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधार एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।