रुद्रपुर। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में युवा भवन रुद्रपुर में जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए करीब 415 युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर और प्रगति के आधार स्तंभ होते हैं। युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना तथा उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।
महोत्सव में लोक संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण भी होता है।
लोकगीत प्रतियोगिता में थारू खड़ी बोली में खटीमा ने प्रथम, नोगजे पब्लिक स्कूल खटीमा ने द्वितीय तथा विकासखंड रुद्रपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में खटीमा प्रथम, सरदार भगत सिंह महाविद्यालय रुद्रपुर द्वितीय और विकासखंड जसपुर तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए क्रमशः पांच हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये की धनराशि के चेक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन हरीश दनाई एवं धीरज पांडे ने किया।
इस दौरान बीओ पीआरडी अमित सैनी, विपिन गौतम, व्यायाम प्रशिक्षक नंद किशोर जोशी, राजेंद्र लाल वर्मा, खेल प्रशिक्षक रवि कुमार, विमल पांडे, शैलेंद्र सिंह, धर्म सिंह, शुभम और संदीप कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।