हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की होंगी पुख्ता व्यवस्थाएं

कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया।

इस दौरान नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और यात्रियों की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग, पार्किंग, प्लेटफॉर्म तक पहुंच, ट्रेन संचालन और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए मॉक ड्रिल कराने पर जोर दिया। साथ ही यात्रियों की संख्या के अनुरूप ट्रेनों के संचालन और स्टेशन पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में तय किया गया कि रेलवे अपनी प्रस्तावित कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर मेला प्रशासन के साथ साझा करेगा, ताकि कुंभ से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकें।

इस दौरान रेलवे, मेला प्रशासन, पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *