रूड़की। पुलिस ने रूड़की क्षेत्र के ढण्ढेरा में एसबीआई एटीएम को उखाड़ ले जाने वाली घटना का खुलासा करते हुये अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। चार अभियुक्त अभी फरार हैं। पकड़े गये सदस्यों के पास से 50,000 रूपये नगद, दो आई फोन, गैस कटर मय सिलेण्डर, प्रयोग की गई स्कार्पियो व एक तंमचा 315 बोर बरामद किया गया। आई जी ने पुलिस टीम को 10,000 रूपये व एसएसपी ने 5,000 इनाम दिया।
आज रुड़की कोतवाली परिसर में एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि विगत 15 दिसम्बर की मध्य रात में रूड़की क्षेत्र के ग्राम ढण्ढेरा में स्कॉपियो में सवार होकर आए 6 लोगों ने एटीएम लूट की वारदात को अंजाम दिया था। जिसके संबंध में कोतवाली रुड़की पर धारा 380, 457 में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस घटना को समाचार पत्रों में प्रमुखता से स्थान मिला था। मामले में पुलिस ने सलमान पुत्र जाकिर हसन नि० ग्राम कलियाकी थाना तावडू जिला नूँह हरियाणा व साबिर पुत्र रूदार नि० ग्राम भोजपुर थाना गोपालगढ जिला डींग राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी घटना से पहले मार्ग निधारित करते थे। टोल नॉको से बचकर छोटे कस्बों के मार्गों व उन्हीं राज्यो के जनपदों की फर्जी नंबर प्लेटों का प्रयोग करते हैं व मोबाईल फोनों का प्रयोग नहीं करते।
डकैती के आरोपियों तक पहुँची पुलिस ने बताया कि पुलिस से स्कॉपियो की पहचान छिपाने के लिये दो राज्यो के अन्य वाहनों का फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर प्रयोग किया गया तथा फर्जी मार्क बनाकर दूसरे राज्यो से हटवाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सक्रिय टीम को सूचना मिली की घटनाओं को राजस्थान व हरियाणा के मेवात क्षेत्र के कुख्यात बदमाशों ने अन्जाम दिया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्यों ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा में भी एटीएम लूटने की घटना की थी। सदस्यों पर 15 से भी अधिक मुकदमे विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि सलमान पुनः अपने गिरोह को इकट्ठा कर अन्य किसी राज्य में एटीएम कटिंग की वारदात को अन्जाम देने की फिराक में है। पुलिस ने सलमान को तावडू कस्बे से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ में रफीक उर्फ बच्ची, सहुद, खालिद, शौकत का संलिप्त होना बताया। मामले में आरोपी फरार हैं।
खुलासा करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा, उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट व शशीभूषण जोशी, हेड कांस्टेबल मनमोहन, नूर मलिक, गुलशन शामिल रहे।