गंगा घाटों की स्वच्छता के लिए एकजुट हुए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी और शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन के सदस्य

हरिद्वार। हरिद्वार प्रशासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सोमवार सुबह मां गंगा की अविरल धारा और गंगा घाटों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के संकल्प के साथ हरकी पैड़ी से नीचे धोबी घाट स्थित विभिन्न घाटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अभियान का आयोजन सेवानिवृत्त पुलिस-परिवारजन कल्याण जनसमिति, जनपद हरिद्वार की ओर से किया गया। इसमें शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी, हरिद्वार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता की। अभियान में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला मलेरिया अधिकारी मीरा रावत तथा नगर निगम के प्रभारी डॉ. पवन कार्की के सहयोग एवं प्रेरणा से सदस्यों ने घाटों और आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित कर सफाई की।

इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में विकसित अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना का परिचय देते हुए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य में योगदान दिया। दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने संयुक्त रूप से मां गंगा के घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया।

सेवानिवृत्त पुलिस-परिवारजन कल्याण जनसमिति की ओर से सचिव चेतन बहुगुणा, संरक्षक जेपी जुयाल, उपाध्यक्ष सोहन लाल जुयाल, कोषाध्यक्ष जयकृत भंडारी, सुरेश कुमार, सत्यप्रकाश सहित अन्य सदस्यों ने योगदान दिया।

वहीं, शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से अध्यक्ष शिप्रा गुप्ता, उपाध्यक्ष भूपेश चंद्र पांडेय, सह सचिव जितेंद्र परमार, वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सेवानिवृत्त रेणुका श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रबंधक विनय श्रीवास्तव (पीएनबी बैंक, रानीपुर, बीएचईएल), नीतू धीमान, अनिता कर्णवाल, मनीषा गुप्ता, मनोज सैनी और आलोक सहित अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

दोनों संस्थाओं ने अभियान में सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए हरिद्वार प्रशासन, नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *