काशीपुर । उपभोक्ताओं के साथ की जाने वाली घटतौली एवं अनियमितताएं रोकने के उद्देश्य से विधिक बाट माप विज्ञान की एक परिवर्तन टीम ने कल एकाएक छापेमारी की, इस दौरान करीब एक दर्जन स्थानों पर अनियमितताएं पाई गई।
जानकारी के अनुसार विधिक बाट माप विज्ञान विभाग की वरिष्ठ निरीक्षक श्रीमती निधि सक्सेना के नेतृत्व में एक टीम ने काशीपुर के आसपास के क्षेत्र की दुकानों में एकाएक छापा मारकर तौल यंत्रों की जांच की, कुंडेश्वरी क्षेत्र की दुकानों में मारे गए छापे और चेकिंग के दौरान 10 दुकानों के तौल यंत्रों में गड़बड़ी (अनियमितताएं) पाई गई। इन दुकानों में प्रयोग किया जा रहे तो यंत्रों का सत्यापन नहीं किया गया था, सभी का मौके पर ही चालान किया गया। इस दौरान वरिष्ठ निरीक्षक निधि सक्सेना ने दुकानदारों को चेतावनी दी की समय रहते हुए अपने तौल यंत्रों का सत्यापन करवा लें वरना चेकिंग के दौरान गड़बड़ी मिलने पर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी ।इस कार्रवाई के दौरान श्रीमती सक्सेना के साथ प्रयोगशाला परिचर प्रेम सिंहऔर वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। इससे पूर्व 19 जुलाई को टीम ने यहां बाजपुर रोड पर आकस्मिक चेकिंग कर आधा दर्जन से अधिक दुकानों में अनियमितताएं पकड़ी थी।