नवागंतुक जिलाधिकारी की छापेमारी से मचा हड़कंप

हरिद्वार। नवागंतुक जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को अपने कार्यकाल के पहले दिन विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सुबह 10:15 बजे मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय, जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय बेसिक और माध्यमिक, तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दर्शन सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अशोक वैद्य, प्रधान सहायक दीपक सैनी, और ड्राइवर मनवर सिंह नेगी अनुपस्थित थे। इसी तरह, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेसिक और माध्यमिक में भी मुख्य प्रशासनिक अधिकारी महेश मैथानी अनुपस्थित पाए गए।

 

इसके अलावा, 10:25 बजे जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत और डाटा एंट्री ऑपरेटर गौरव उप्रेती अनुपस्थित पाए गए।

 

जिलाधिकारी ने अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन को रोकने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें और कार्यालय में आने वाले व्यक्तियों और फरियादियों की समस्याओं को पूरी शालीनता से सुनें तथा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। इस निरीक्षण के बाद जिले में प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *