हरिद्वार। अर्धकुंभ-2027 को दिव्य और भव्य बनाने के नाम पर शासन और प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर तैयारियों की तस्वीर इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्यों की सुस्त रफ्तार ने मेला प्रशासन की कार्यशैली और तैयारियों की गंभीरता पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। हालात ऐसे हैं कि अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जनवरी 2027 तक हरिद्वार अर्धकुंभ के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार हो पाएगा, या फिर हर बार की तरह अंतिम समय में अधिकारियों की भागदौड़, आनन-फानन में काम और व्यवस्थाओं के नाम पर खानापूर्ति ही देखने को मिलेगी?
आखिर शासन ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपने से पहले क्या आकलन किया था? क्या मेला प्रशासन को अर्धकुंभ जैसे विशाल और अंतरराष्ट्रीय महत्व के आयोजन की गंभीरता का अंदाजा भी है? निर्माण कार्यों की रफ्तार देखकर तो ऐसा लगता है मानो प्रशासन के पास अभी पर्याप्त समय है और तैयारियों की कोई विशेष जल्दबाजी नहीं है। सवाल यह है कि जब समय लगातार निकल रहा है तो कामों में अपेक्षित तेजी क्यों नहीं दिखाई दे रही? क्या अधिकारियों के पास कोई ठोस कार्ययोजना है या फिर पूरा आयोजन बैठकों, कागजी निर्देशों और बड़े-बड़े दावों के भरोसे ही चलाया जा रहा है?
आखिर कब जागेगा मेला प्रशासन? क्या प्रशासन किसी बड़े संकट या अंतिम समय की अव्यवस्था का इंतजार कर रहा है? यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरे नहीं हुए और व्यवस्थाएं चरमराईं तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी या फिर हर बार की तरह सवालों के जवाब देने के बजाय जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल दी जाएगी?
अर्धकुंभ हरिद्वार की धार्मिक प्रतिष्ठा और देश की आस्था से जुड़ा आयोजन है। इसे प्रयोगशाला बनाकर प्रशासनिक प्रयोग करने की गुंजाइश नहीं है। अब जरूरत दावों की नहीं, धरातल पर दिखाई देने वाले काम की है।