हरिद्वार। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने राजकीय विशेष गृह (बाल गृह) रोशनाबाद का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंद बालकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के तहत गृह की व्यवस्थाओं, निवासियों की स्थिति, स्वास्थ्य, खानपान और सुरक्षा का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने कानूनी और मानवीय अधिकारों के पालन की भी जांच की।
बाल गृह अधीक्षक ने बताया कि यहां 54 बच्चे रह रहे हैं। बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा, लाईब्रेरी में 1700 से अधिक पुस्तकें, चिकित्सा और काउंसलिंग सेवाएं, म्यूजिक सिस्टम और हस्तशिल्प प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण में उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, अधीक्षक विजय दीक्षित, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया और जिला सूचना अधिकारी अहमदन नदीम भी मौजूद थे।