हरिद्वार । शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर निगम में 10 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को भवन निर्माण को एक वर्ष में गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश दिए।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि निर्माणाधीन भवन में प्रथम तल पर समस्या समाधान कार्यालय, द्वितीय तल पर मेयर और अन्य कार्यालय, और तृतीय तल पर अकाउंट विभाग के अधिकारी बैठेंगे।


डॉ. अग्रवाल ने स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत पर्यावरण मित्रों के लिए लगाए जा रहे स्वास्थ्य कैंप का शुभारंभ भी किया। इसके उपरांत उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के काउंटर का निरीक्षण करते हुए लंबित आवेदन की शिकायत मिलने पर विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के बाद, डॉ. अग्रवाल का काफिला डामकोठी पहुंचा। यहां गंगा दर्शन के दौरान उन्होंने घाट पर गंदगी देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने स्वयं कूड़ा एकत्र किया और नगर निगम के सहायक आयुक्त श्याम सुंदर को निस्तारण और अन्य घाटों की सफाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त वरुण चैधरी, जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, अधीक्षण अभियंता आनंद सिंह मिश्रवान, सहायक नगर आयुक्त रविंद्र दयाल, अंकित जोशी, श्याम सुंदर, इंजीनियर दिनेश कांडपाल, जगदीश प्यारेलाल, सुपरवाइजर अंकुश भारती सहित पूर्व मेयर मनोज गर्ग, ओमकार जैन आदि उपस्थित रहे।