हरिद्वार। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने गुरुवार को विधानसभा खानपुर के चार मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बूथ संख्या 36 भारूवाला, 71 शेखपुरी, 114 जबरदस्तपुर और 172 ढंडेरा का निरीक्षण किया।
आयुक्त ने एईआरओ और बीएलओ को मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। नाम, पता, मृत्यु अथवा स्थान परिवर्तन से संबंधित मामलों में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 का सहयोग लेकर संबंधित मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बीएलओ को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर शेष मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने और निर्धारित समय सीमा में पुनरीक्षण कार्य पूरा करने को कहा। साथ ही मतदाताओं से एसआईआर अभियान में बूथ लेवल अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम लक्सर अनिल शुक्ला, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी, तहसीलदार दीवान सिंह राणा समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।