हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित श्री जगदीश आश्रम के परमाध्यक्ष महंत स्वामी योगेंद्रानंद शास्त्री के संयोजन में ब्रह्मलीन स्वामी शांतानंद शास्त्री की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संत महंत, महामंडलेश्वर और भक्तजन ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धाजंलि समारोह को सम्बोधित करते हुए गुरु मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी भगवत स्वरूप महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी शांतानंद शास्त्री महाराज का समूचा जीवन संस्कृत और सनातन संस्कृति के उत्थान को समर्पित रहा। उन्होंने जीवन पर्यंत संस्कृत, संस्कृत छात्रों, संस्कृत शिक्षकों का संरक्षण देने का कार्य किया।
आचार्य हरिहरानन्द महाराज ने कहा कि श्री जगदीश आश्रम के परमाध्यक्ष महंत स्वामी योगेंद्रानंद शास्त्री अपने गुरूजनों की सेवा परम्परा को आगे बढाने का कार्य कर रहे हैं ।
भाजपा नेता अनिरूद्ध भाटी ने स्वामी शांतानंद शास्त्री महाराज की स्मृति में स्वामी शम्भूदेव संस्कृत विद्यालय की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके योग्य शिष्य स्वामी योगेन्द्रानंद शास्त्री इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। समारोह की अध्यक्षता करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी अन्नतानंद महाराज ने संतों के जीवन को राष्ट्र उत्थान और समाज कल्याण के प्रति समर्पित बताया। स्वामी योगेन्द्रानंद शास्त्री ने कहा कि वह गुरुजनो की सेवा और धर्म निष्ठा की भावना को जीवन पर्यंत आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने ब्रह्मलीन स्वामी शांतानंद शास्त्री महाराज की आठवीं पुण्यतिथि पर महामंडलेश्वर संतों का स्वागत किया। समारोह का संचालन रविदेव शास्त्री महाराज ने किया।