हरिद्वार। नारी सुरक्षा के लिए रानीपुर पुलिस की तरफ से क्षेत्र के विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सलाह दी गई कि किसी भी घटना के समय पुलिस की कौन-कौन सी हेल्पलाइन का प्रयोग करते हुए उसका लाभ लिया जा सकता है।
एसएसपी के निर्देशन में तरूण हिमालय स्कूल टिबडी, इण्टर कालेज में आज रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं के साथ महिला सुरक्षा, साईबर अपराध की रोकथाम हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिसमें छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से महिला सुरक्षा के उद्देश्य से चलाई जा रही तमाम सरकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही साईबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव, यातायात व महिलाओं से सम्बन्धित अपराधों की सूचना तत्काल 112, साईबर अपराध की सूचना 1930 नम्बर पर देने हेतु बताया गया ।
जबकि गौरा शक्ति मॉड्यूल के माध्यम से छात्र-छात्राओं को महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को समझाया कि वे निर्भीक होकर पुलिस को ऐसे अपराधों की सूचना दें।