देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर के शिवालिक वेलोड्रोम में 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता देखी और विजेताओं को पदक प्रदान किए। उन्होंने 4000 मीटर टीम परस्यूट में स्वर्ण विजेता सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, रजत विजेता पंजाब और कांस्य विजेता राजस्थान के खिलाड़ियों को मेडल व पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 जनवरी को इन खेलों का शुभारंभ किया था, जिससे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। अब तक उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 33 पदक जीते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ भोजन कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 46वीं वाहिनी पीएसी में पहुंचकर शॉटगन और स्कीट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया व टैप शूटिंग की। इस दौरान विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित कई अधिकारी एवं नेता मौजूद रहे।