समानता, भाईचारा और मानव सेवा ही गुरु नानक देव जी की प्रेरणा : सुनील सेठी

धूमधाम से मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, विभिन्न गुरुद्वारों में माथा टेक की विश्व कल्याण की कामना

हरिद्वार। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हरिद्वार के विभिन्न गुरुद्वारों में माथा टेककर विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर भूपतवाला के दुर्गानगर स्थित प्राचीन चाची के गुरुद्वारे में अरदास करने के बाद उन्होंने लंगर प्रसाद ग्रहण किया। सुनील सेठी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को अज्ञान, अंधविश्वास और भेदभाव से दूर रहकर प्रेम, सद्भाव और समानता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानव जीवन को सार्थक बनाने के लिए तीन प्रमुख सिद्धांत दिए हैं। इनमें नाम जपो अर्थात ईश्वर का स्मरण करना, किरत करो अर्थात ईमानदारी और मेहनत से आजीविका कमाना तथा वंड छको अर्थात अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करना शामिल है।

सुनील सेठी ने कहा कि प्रकाश पर्व का वास्तविक संदेश समाज में ज्ञान और सद्भाव का प्रकाश फैलाना है। गुरु महाराज की शिक्षाएं हमें जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने की प्रेरणा देती हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समरस और बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

इस अवसर पर ज्ञानी हरभजन सिंह, सतवंत सिंह, गुरमुख दास, प्रदीप सिंह, गंगेश कुमार, हरनाम सिंह, रवि बांगा, लक्की अनेजा, गुरु प्रीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *