काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रामलीला मैदान पहुंचे और दिव्य ज्योति संस्थान द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कथा वाचक साध्वी कालिंदी भारती को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संतों का समागम और हरि कथा बड़े सौभाग्य से प्राप्त होते हैं। उन्होंने काशीपुर को ऐतिहासिक व आध्यात्मिक भूमि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देवभूमि के संरक्षण और विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। केदारखंड व बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ ही मानसखंड माला के तहत मंदिरों को जोड़ा जा रहा है, जिसमें काशीपुर के मां बालसुंदरी मंदिर को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार डेमोग्राफी संतुलन, लैंड जिहाद और अतिक्रमण हटाने के लिए सख्ती से काम कर रही है। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सभी को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित किया गया है। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत कई गणमान्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।