हरिद्वार। शहर के रिहायशी इलाकों में जंगली हाथियों का आना लगातार जारी है। खासतौर पर जगजीतपुर क्षेत्र की कॉलोनियों में बीते कुछ महीनों से हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है। इसे रोकने के लिए वन विभाग अब बैंबू सोलर फेंसिंग लगाने जा रहा है, जिससे हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोका जाएगा।
डीएफओ वैभव सिंह ने बताया कि बीते 5-6 महीनों से हाथियों की चहल कदमी देखी जा रही थी, जिसके बाद प्रभावित इलाकों को चिन्हित कर सोलर फेंसिंग लगाने का फैसला लिया गया। पहले लोहे के खंभे लगाए गए थे, लेकिन चोरी होने की घटनाओं के चलते अब बैंबू सोलर फेंसिंग लगाने का निर्णय लिया गया, जो सस्ती और उपयोगी साबित हो रही है। फिलहाल इसे 2 किलोमीटर के क्षेत्र में लगाया गया है और सफल होने पर अन्य जगहों पर भी इसे लगाने की योजना है।
डीएफओ ने बताया कि हाथी आमतौर पर अपने पुराने कॉरिडोर में ही घूमते हैं, लेकिन अब वहां पर लोगों ने घर और खेती शुरू कर दी है। वन विभाग भविष्य में खेती में बदलाव की योजना पर भी काम कर रहा है, जिससे हाथियों का मूवमेंट कम हो सके। साथ ही कुछ स्थानों पर बाउंड्री बनाने की भी योजना तैयार की जा रही है।