बहुचर्चित अवैध वसूली मामले में नया मोड़, आरोपी के पिता ने लगाया साजिश का आरोप

काशीपुर में चर्चित अवैध वसूली मामले ने अब नया रुख पकड़ लिया है। कथित आरोपी के पिता ने प्रॉपर्टी डीलर सौरभ अग्रवाल पर उनके पुत्र को षड्यंत्र के तहत फंसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी अभय सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

आरोपी के पिता का कहना है कि उनके पुत्र ने सौरभ अग्रवाल से एक प्लॉट खरीदा था, जिसके बदले उसने 8 लाख रुपये का चेक दिया था। लेकिन वह चेक बैंक में बाउंस हो गया। उन्होंने मांग की है कि दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो और निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।

इस पूरे मामले में आरोपी के चाचा ने भी आवाज उठाई है। उन्होंने साफ कहा कि उनका भतीजा निर्दोष है और उसे एक गहरी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। वहीं, आरोपी के पिता ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि उनका बेटा सीधा-सादा व्यक्ति है और इस मामले में उसे जबरन घसीटा जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी के पिता के प्रार्थना पत्र को प्रभारी निरीक्षक के पास भेजकर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की गहराई से जांच होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या नए खुलासे होते हैं और इस बहुचर्चित मामले की असली तस्वीर कब तक साफ होती है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *