ऋषिकेश में 01 से 07 मार्च तक धर्म, अध्यात्म और योग का महासंगम

ऋषिकेश में 01 से 07 मार्च के बीच आयोजित होने जा रहे अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में धर्म, आध्यात्म और योग जगत के प्रख्यात गुरुओं एवं योगाचार्यों का सानिध्य मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से गंगा रिसोर्ट ऋषिकेश में इस भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जीएमवीएन के एमडी विशाल मिश्रा के अनुसार, इस बार 20 हजार से अधिक योग साधकों और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

महोत्सव में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशोरी और अक्षत गुप्ता जैसे आध्यात्मिक मार्गदर्शकों का सानिध्य मिलेगा। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंडी लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। विभिन्न सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी भी अपने विचार साझा करेंगे। देश-विदेश से आए योगाचार्य प्रतिदिन साधकों और प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराएंगे।

ऋषिकेश में पिछले तीन दशकों से अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। विशाल मिश्रा ने बताया कि गत वर्ष इस आयोजन में 42 देशों के 890 विदेशी मेहमानों ने भाग लिया था, और इस बार यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण किए जा रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए GMVN की आधिकारिक वेबसाइट पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इस बार महोत्सव को “ग्रीन थीम” पर आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान में भी योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में सरकार ऋषिकेश में योग गतिविधियों को और अधिक लोकप्रिय बनाने के प्रयास कर रही है। अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव इसी दिशा में एक सार्थक कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *