हरिद्वार। हरिद्वार कोरिडोर को लेकर फैल रही भ्रांतियों को दूर करने के लिए मुख्य सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने डामकोठी में विभिन्न संगठनों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कोरिडोर निर्माण से अपर रोड और बड़ा बाजार प्रभावित नहीं होंगे, केवल जाह्नवी मार्केट को ही टच किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि जाह्नवी मार्केट के किरायेदारों को मालिकाना हक के साथ दुकानों का विकल्प मिलेगा। इसके लिए रोडवेज बस स्टैंड पर नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा या नकद मुआवजा दिया जाएगा। किसी भी व्यापारी को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के नहीं हटाया जाएगा।
हरकी पौड़ी सौंदर्यकरण को लेकर श्री गंगा सभा से चर्चा हुई, वहीं सती कुंड में पांच देवी मूर्तियों के बीच शक्ति के प्रतीक के रूप में श्वेत कमल स्थापित करने की योजना है। परंपरागत शैली में विकास कार्य किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि बिना पूरी जानकारी के अफवाहें न फैलाएं और विकास कार्यों को सही तरीके से समझें। बैठक में बैठक में अखाड़ा परिषद, गंगा सभा, व्यापार मंडल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।