हरिद्वार। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी क्राइम/ट्रैफिक जितेन्द्र मेहरा की अध्यक्षता में जिले के सभी गजेटेड पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई। बैठक में एसपी सिटी पंकज गैरोला, एएसपी सदर जितेन्द्र चैधरी, प्रभारी रुड़की कुश मिश्रा, सीओ मंगलौर विवेक कुमार, सीओ रुड़की नरेन्द्र पंत, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ज्वालापुर अविनाश वर्मा और सीओ ट्रैफिक सुरेन्द्र बलूनी के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में आगामी चारधाम यात्रा के दौरान पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर मंथन हुआ। एसपी यातायात जितेन्द्र मेहरा ने पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए, जिनमें जिले के बोटलनेक प्वाइंट की पहचान, थाना क्षेत्रों में सीओ की मॉनिटरिंग में होल्डिंग एरिया चिन्हित करना, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य, चारधाम यात्रा में पुलिस ड्यूटी का व्यवस्थापन और थानावार सत्यापन की प्रक्रिया शामिल रही।
इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों को यात्रा के दौरान सम्मानित व्यक्तियों, स्टेक होल्डर्स, टूर एवं ट्रैवल्स संचालकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन पुलिस सहायता केंद्रों पर कुशल कर्मियों की तैनाती, ट्रैफिक वॉलंटियर्स और एसपीओ के सहयोग से यात्रा प्रबंधन को और बेहतर बनाने पर भी फोकस दिया गया।