दो सुपर जोन और 11 जोन में तैनात रहेगी पुलिस, चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी से निगरानी
नवंबर को होगा स्नान, चार कंपनी पीएसी समेत हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी रहेगी। वहीं, गंगा घाटों पर जल पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी और पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी।
सोमवार को एसपी सिटी दीपक कुमार और एसपी देहात अभय कुमार ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में स्नान पर्व में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। अधिकारियों ने अचानक बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने और श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार करने को कहा गया।
मनसा देवी और चंडी देवी मार्ग पर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से भेजने के निर्देश दिए गए हैं। हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर जल पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और मेला क्षेत्र में चेकिंग करेंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए घुड़सवार पुलिस की दो टीमें भी लगाई गई हैं। घाटों पर सुबह दो बजे से श्रद्धालुओं को जगाकर स्नान के लिए स्थान खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्नान पर्व के लिए चार कंपनी पीएसी, पांच जल पुलिस टीमें, एक फ्लड टीम, पांच फायर यूनिट और चार प्रिजन वैन सहित भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिसकर्मियों की 12-12 घंटे की दो पालियों में ड्यूटी लगाई गई है।
भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, बदले रहेंगे यातायात मार्ग
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए 23 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज और गुरुकुल कांगड़ी होते हुए शंकराचार्य चौक पहुंचेंगे। वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में होगी।
यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को नगला इमरती से लक्सर, फेरुपुर और जगजीतपुर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी होते हुए हरिद्वार लाया जाएगा। इनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है। ऋषिकेश और देहरादून से आने वाले वाहनों के लिए नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग लालजीवाला में होगी।
यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा। चीला मार्ग का इस्तेमाल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों के लिए केवल निकास मार्ग के रूप में किया जाएगा।
ऑटो-विक्रम के लिए भी डायवर्जन
स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर ऋषिकेश और देहरादून से आने वाले ऑटो-विक्रम को जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी सहित सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर ई-रिक्शा और ई-ऑटो की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।