कार्तिक पूर्णिमा स्नान से ठीक पहले उत्तरी हरिद्वार के कई क्षेत्रों में 7 से 8 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर जताया रोष
जिलाधिकारी से की शिकायत, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने उत्तरी हरिद्वार के कई क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना 7 से 8 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने पर विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे विभाग की लापरवाही बताते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना घंटों बिजली बंद रखना जनता का उत्पीड़न है।
सुनील सेठी ने गंगा विहार, शांतिकुंज, भूपतवाला, भारत माता पुरम और सप्तऋषि सहित कई क्षेत्रों में मरम्मत कार्य के नाम पर लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बंद रखे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी को मामले की जानकारी देते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
सेठी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान से ठीक पहले संत बाहुल्य क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, धर्मशाला एवं होटल संचालकों के साथ ही बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरम्मत कार्य के नाम पर सुबह से बंद की गई बिजली आपूर्ति शाम तक भी सुचारू नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि विद्युत और जल संस्थान से जुड़ी समस्याओं की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन विभाग जनता की परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बाधित करने से आमजन को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से दोनों विभागों की कार्यशैली पर संज्ञान लेते हुए व्यवस्था में सुधार और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान रोष जताने वालों में भगीरथ प्रजापति, हरिमोहन भारद्वाज, लालजी यादव, राजेश पांडे, नंदन कुमार, मनोज मिश्रा, राकेश सिंह, हरिओम कुमार, सचिन अग्रवाल, सोम शर्मा, राहुल अरोड़ा, अजय अनेजा, एसएन तिवारी, नंदकिशोर पांडे और पवन पांडे सहित अन्य लोग शामिल रहे।