हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। फरियादियों ने सड़कों के निर्माण, अवैध अतिक्रमण हटाने, सोलर लाइट लगाने और खेतों में गंदा पानी जाने से फसल खराब होने जैसी समस्याओं के समाधान की मांग की।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 686 और एल-2 स्तर पर 184 शिकायतें लंबित पाई गईं। सीडीओ ने अधिकारियों को इनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ डॉ. आरके सिंह, एसडीएम नीतू डांगर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।